
जयपुर । राजस्थान रोडवेज कर्मचारी संगठनो की ओर से सरकार से मांगे मनवाने के लिए 27 अक्टूबर को दी गई प्रस्तावित हडताल की कॉल को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सकारात्मक रूख को देखते हुए वापस ले लिया है। यूनियन के निर्णय से जहां आमजन को राहत मिलेगी, वहीं आरएएस अभ्यर्थियों को भी सुविधा होगी, क्योंकि 27 अक्टूबर को आरएएस प्री का एग्जाम भी है। इसके अलावा जयपुर शहर में लो फ्लोर बस चलाने वाले जेसीटीएसएल कर्मचारियों ने भी हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया है। राजस्थान रोडवेज के श्रमिक संगठनों का संयुक्त मोर्चा की ओर से 27 अक्टूबर को पूरे राज्य में बस संचालन नहीं करने और एक दिन की हड़ताल करने का ऐलान किया था। मोर्चा के संयोजक एम.एल यादव ने बताया कि हमारी अधिकांश मांगों पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक निर्णय किया है। 5 हजार से ज्यादा रिटायर्ड कर्मचारियों का जो ग्रेच्युटी, उपार्जित अवकाश सहित अन्य परिलाभ अटके पड़े थे वह मिलना शुरू हो गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नाइट अलाउंस, वीकली रेस्ट आदि के बकाया करीब 100 करोड़ रुपए का भुगतान पर पुनर्विचार करने का आश्वासन दिया है। इसके चलते सभी संगठनों ने 27 अप्रैल को प्रस्तावित हड़ताल को खत्म करने का निर्णय किया है।
*सम्पूर्ण समाचारो के लिए न्याय क्षेत्र भोपाल होगा समाचार का माध्यम मध्य प्रदेश जनसम्पर्क है

